राजस्थान सार्वजनिक प्रन्यास मंडल, राजस्थान संस्कृत आकादमी व संस्कृत भारती के वैदिक शक्ति संघ के संयुक्त तत्वावधान में गत दिनों जयपुर में आयोजित हुए अंतरराष्ट्रीय वैदिक सम्मेलन के आयोजन में सहयोग देने के लिए श्रीबालाजी महाराज घाटा मेहंदीपुर ट्रस्ट का सम्मान किया गया है।
देवस्थान बोर्ड के अध्यक्ष एस.डी. शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र की मौजूदगी में सिद्धपीठ के महंत
किशोरपुरी को सम्मान स्वरूप शॉल ओढ़ाकर श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट किया। राज्यपाल कल्याणसिंह द्वारा भेजे गए सम्मान को नरेशपुरी ने ग्रहण किया। बोर्ड अध्यक्ष एस.डी. शर्मा ने कहा कि बालाजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा धार्मिक व सामाजिक आयोजन के लिए सदैव सहयोग दिया जाता है।
वहीं प्राकृतिक आपदाओं सहित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में भी सहयोग देकर समाजिक सरोकार की भूमिका निभाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय वैदिक सम्मेलन सफल बनाने के लिए सिद्धपीठ के महंत किशोरपुरी ने देवस्थान बोर्ड के अध्यक्ष एस.डी. शर्मा को 25 लाख का चेक सौंपा था।
इसी प्रकार बालाजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा संस्कृत शिक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अलग से महंत किशोरपुरी संस्कृत महाविद्यालय का नि:शुल्क संचालन किया जा रहा है। इनमें बालिकाओं को ट्रस्ट द्वारा पढ़ाई के साथ ही पाठ्य-पुस्तक, गणवेश, भोजन व आवास की नि:शुल्क सुविधाएं भी मुहैया कराई जाती है।
Read More: Rajasthan News in Hindi
Read More: Rajasthan News in Hindi




